देहरादून। उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसदों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने धराली, थराली और अन्य प्रभावित इलाकों की स्थिति की जानकारी ली और राहत कार्यों में जुटे कर्मियों से मुलाकात कर उनके अनुभव भी साझा किए। साथ ही प्रधानमंत्री ने आपदा पीड़ितों से भेंट कर उनका ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में आपदा से हुई क्षति और अब तक किए गए राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य ने त्वरित राहत पहुंचाने में सफलता पाई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित इलाकों में सड़कें और सार्वजनिक संपत्तियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं और इन्हें दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड की जनता की ओर से विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा राहत पैकेज की घोषणा राज्य के लिए बड़ी राहत है। मुख्यमंत्री ने कहा—“आपदा से निपटने में पहले दिन से ही केंद्र सरकार ने सहयोग किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उत्तराखंड आकर पीड़ितों का दुःख-दर्द साझा कर राज्य के प्रति अपनी आत्मीयता और संवेदनशीलता दिखा चुके हैं, जिसके लिए हम हृदय से आभारी हैं।”
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, सांसद नरेश बंसल, सांसद कल्पना सैनी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ भी उपस्थित रहे।








