---Advertisement---

प्रधानमंत्री मोदी 9 सितंबर को करेंगे बाढ़ग्रस्त पंजाब का दौरा

नई दिल्ली। पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों में हालात का जायजा लेने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 सितंबर को राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वे गुरुदासपुर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब पंजाब के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और भारी जनजीवन प्रभावित हुआ है।

भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म *एक्स* पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सीधे बाढ़ पीड़ितों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से राहत और पुनर्वास के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा करेंगे।

इससे पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमृतसर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार ने दो उच्च स्तरीय दल भी पंजाब भेजे हैं। ये दल प्रभावित इलाकों का दौरा कर रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे केंद्र को सौंपेंगे।

गौरतलब है कि हालिया दिनों में लगातार बारिश और नदियों के उफान से पंजाब के कई जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। फसलें नष्ट हो गई हैं, घरों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है और लोग विस्थापित हुए हैं। किसान संगठनों और राज्य सरकार की ओर से लगातार केंद्र से आर्थिक सहायता की मांग की जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस यात्रा के जरिए केंद्र सरकार न केवल राहत उपायों की स्थिति का आकलन करेगी बल्कि प्रभावित लोगों को भरोसा भी दिलाएगी कि मुश्किल समय में केंद्र उनके साथ खड़ा है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---