---Advertisement---

लालकुआं क्षेत्र को मिलेगी स्थायी बिजली: विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने किया बड़े प्रोजेक्ट का शुभारंभ

लालकुआं / हल्द्वानी।  लंबे समय से बिजली संबंधी समस्याओं से जूझ रहे बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने 15 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले व्यापक विद्युतीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत और स्थायी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार रोड स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने बताया कि इस योजना के तहत न केवल नए विद्युतीकरण कार्य किए जाएंगे, बल्कि घोड़ानाला फीडर के सुदृढ़ीकरण के लिए अतिरिक्त 1 करोड़ 80 लाख रुपये भी खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में भी विद्युत विभाग द्वारा बिंदुखत्ता क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं, जिससे आधारभूत ढांचे में सुधार हुआ है।

विधायक ने बताया कि श्रीलंका टापू क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था लंबे समय से गौला नदी की भौगोलिक दूरी के कारण प्रभावित रही है। अब इस क्षेत्र को सितारगंज फीडर से जोड़ने की योजना बनाई गई है, जिससे लोगों को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर दोनों जिलों में होने वाली बिजली कटौती से राहत मिल सकेगी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. बिष्ट ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और स्थायी प्रशासनिक सुविधाओं के लिए राजस्व गांव का दर्जा अत्यंत आवश्यक है और इसे हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, कुंदन चुफाल, जगदीश पंत, प्रकाश आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि परियोजना को तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

 

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---