---Advertisement---

भाजपा से मोहभंग? देहरादून में बढ़ता कांग्रेस का कुनबा

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी को बड़ी मजबूती मिली, जब दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में नव-प्रवेशी कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जे. पी. यादव अपने कई समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज़ रही है और जनता के हक़ की लड़ाई मजबूती से लड़ती आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।

डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा पर विश्वास जताते हुए नए साथियों का पार्टी में आना इस बात का संकेत है कि जनता का भरोसा एक बार फिर कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नव-प्रवेशी कार्यकर्ताओं के आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में कांग्रेस जनआंदोलनों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

महानगर अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों से संगठनात्मक अनुशासन का पालन करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच सेतु की भूमिका निभाएं और हर वर्ग की आवाज़ को मंच तक पहुंचाएं।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट, महानगर उपाध्यक्ष सुनील जायसवाल, अनक पाल, बचन सिंह वर्मा, प्रेम नारायण, राजीव गौड़, नारायण त्रिवेदी, विष्णु पाल, दीपक पाल, मोहन राणा, राकेश कठैत, अरविंद सैनी, आशीष नैनवाल, संदीप, रेखा, आनंद सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---