---Advertisement---

ऑनलाइन शिकायतों में देरी बर्दाश्त नहीं: थाने के वार्षिक निरीक्षण में एसएसपी के बड़े निर्देश

देहरादून।  जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना रायपुर का वार्षिक निरीक्षण किया और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्हें समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने विशेष रूप से CCTNS के अंतर्गत हो रहे कार्यों की प्रगति जानी और अधिकारियों से इसकी प्रभावशीलता पर जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के पोर्टल, CM Portal तथा e-District के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान थाने की साफ-सफाई, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी गहन जांच की गई। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाए और फरार तथा ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।  उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी। साथ ही कहा कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर अपराध नियंत्रण को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि जनता के विश्वास पर आधारित है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए।

 

Related Post