देहरादून। भारत-नेपाल सीमा पर उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना अब मूर्त रूप लेने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास शीघ्र ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह द्वारा संयुक्त रूप से किए जाने की संभावना है।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा के महेंद्रनगर के सामने स्थित बनबसा क्षेत्र में इस आधुनिक लैंड पोर्ट के विकास के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इस परियोजना को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
यह लैंड पोर्ट लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा उत्तराखंड सरकार के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। परियोजना के तहत अत्याधुनिक सीमा जांच सुविधाएं, माल ढुलाई के लिए आधुनिक टर्मिनल, यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
सतपाल महाराज ने इस परियोजना को स्वीकृति देने और इसके क्रियान्वयन को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह लैंड पोर्ट न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए व्यापार और आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक आदान-प्रदान सुगम होगा, जिससे स्थानीय व्यवसायियों और परिवहन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, सीमा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।








