---Advertisement---

रांची-पटना हाईवे पर बड़ा हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बस

कुजू। कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-33 फोरलेन स्थित श्रीराम चौक के आगे होटल श्याम सरोवर के पास तेज रफ्तार हेमकुंट बस एक खड़े 16 चक्का ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए, हालांकि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक संख्या BR 01 GJ 3970 ब्रेकडाउन होने के कारण पहले से सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही तेज रफ्तार हेमकुंट बस संख्या JH 02 BS 1512 ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ राहत और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने घायल यात्रियों को पीसीआर वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसा दिन के करीब 11:45 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस की रफ्तार और अधिक होती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---