रामगढ़। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय में शुक्रवार को आयोजित शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने तकनीकी मॉडल, नवाचार परियोजनाएं, प्रेजेंटेशन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने ज्ञान और क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक सोच ने शिक्षकों और अतिथियों को काफी प्रभावित किया। विभिन्न तकनीकी और नवाचार आधारित गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कृष सिंह, आनंद गुप्ता, पवन कुमार, संजय उरांव, समीर वेदियां और शिवम कुमार प्रमुख रहे। इन छात्रों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बी एन साह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें निखारने का सर्वोत्तम माध्यम होती हैं। उन्होंने छात्रों को लगातार सीखने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति डॉ रश्मि, कुलसचिव डॉ निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार और प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।







