देहरादून में मसूरी रोड पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए निर्माणाधीन वैली ब्रिज परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल की स्थिति और निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता और पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग मसूरी और देहरादून के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और इसे अगले 2 से 3 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण की कई परियोजनाएं तेजी से संचालित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की समीक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।







