---Advertisement---

लापरवाही पड़ेगी भारी! खुले निर्माण कार्यों पर सीधे आपराधिक केस दर्ज करने के निर्देश

देहरादून। जनपद में निर्माण और सफाई कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं और जनसुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने लापरवाही बरतने वाले विभागों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में अपर तुनवाला क्षेत्र में एक बुजुर्ग के नहर में गिरकर घायल होने की घटना पर सिंचाई विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र की है, जहां सिंचाई विभाग द्वारा नहर की नियमित सफाई का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान कई स्थानों पर नहर के स्लैब हटाए गए थे, लेकिन वहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक या सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए थे। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति को कोहरे के कारण खुले स्लैब दिखाई नहीं दिए और वे असंतुलित होकर नहर में गिर गए, जिससे वे घायल हो गए।

प्रशासन की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना किसी सीवर या सड़क निर्माण कार्य से संबंधित नहीं थी, बल्कि सिंचाई विभाग की पुरानी नहर संरचना की सफाई के दौरान की गई लापरवाही के कारण हुई। नहर सड़क से लगभग डेढ़ फीट ऊंचाई पर स्थित है, जिससे जोखिम और अधिक बढ़ गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनमानस की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण, सफाई या मरम्मत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित विभाग, कार्यदायी संस्था और ठेकेदार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि किसी भी कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं। प्रशासन ने साफ किया है कि लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---