---Advertisement---

धामी सरकार की योजनाओं से मजबूत हुई भाजपा, पंचायत चुनाव नतीजों ने खोला राज

देहरादून। श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की सक्रियता को दिया।

हेमंत द्विवेदी ने बताया कि गांव–गांव तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाया, जिसके चलते मतदाताओं का विश्वास पार्टी के प्रति और मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचा, और यही भाजपा की जीत का सबसे बड़ा कारण रहा।

चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश की 12 जिलापंचायत अध्यक्ष सीटों में से 10 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। यही नहीं, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर भी बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित और पार्टी विचारधारा से जुड़े प्रत्याशियों ने विजय हासिल की। ग्राम पंचायत स्तर पर भी भाजपा का दबदबा स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनावों के नतीजे यह साबित करते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा की लोकप्रियता पहले की तरह बरकरार है। विकास और पारदर्शिता का संदेश सीधे मतदाताओं तक पहुंचा है और जनता ने विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि करारी शिकस्त मिलने के बाद वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि जनता भाजपा के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है।

द्विवेदी ने दावा किया कि पंचायत चुनावों के परिणाम भविष्य के चुनावों का भी संकेत हैं। ग्रामीण जनमानस ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, वह आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती प्रदान करेगा।

Related Post