---Advertisement---

क्या राहुल गांधी साबित कर पाएंगे अपना दावा? चुनाव आयोग ने दिए दस्तावेज पेश करने के निर्देश

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष *राहुल गांधी* को नोटिस जारी करते हुए उनसे उनके हालिया दावों के समर्थन में दस्तावेज पेश करने को कहा है। यह नोटिस 7 अगस्त को दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को लेकर भेजा गया है।
राहुल गांधी ने उस प्रेस वार्ता में चुनाव आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने एक मतदाता शकुन रानी का उदाहरण देते हुए कहा कि आयोग के रिकॉर्ड में यह दर्शाया गया है कि उसने दो बार मतदान किया। राहुल गांधी ने कथित तौर पर चुनाव आयोग से संबंधित दस्तावेज भी मीडिया को दिखाए थे।

अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी (कर्नाटक) की ओर से राहुल गांधी को नोटिस जारी कर स्पष्ट रूप से कहा गया है कि आयोग के किसी अधिकारी ने ऐसा कोई दस्तावेज जारी नहीं किया है। इसके साथ ही प्राथमिक जांच में यह भी पाया गया है कि जिस दस्तावेज का हवाला राहुल गांधी ने दिया, वह चुनाव अधिकारी द्वारा जारी नहीं किया गया प्रतीत होता है।

चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि शकुन रानी से पूछताछ के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल एक ही बार मतदान किया है। इसके बाद आयोग ने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि यदि उनके पास इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण हैं तो वे तत्काल प्रस्तुत करें ताकि विस्तृत जांच की जा सके।

चुनाव आयोग पहले भी राहुल गांधी से बार-बार यह अपील कर चुका है कि वे अपने आरोपों को शपथपत्र या लिखित शिकायत के रूप में दर्ज कराएं, लेकिन अब तक कोई औपचारिक सबूत पेश नहीं किया गया था। इस बार आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए आधिकारिक नोटिस भेजा है।

Related Post