---Advertisement---

गर्मी में घंटों AC में बैठते हैं? त्वचा और बालों पर पड़ सकता है यह छिपा हुआ असर

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनर (एसी) का उपयोग आजकल आम हो गया है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक एसी में रहने से त्वचा और बालों की सेहत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, एसी की ठंडी हवा वातावरण में मौजूद नमी को कम कर देती है, जिससे त्वचा और बाल अपनी प्राकृतिक नमी खोने लगते हैं।

विशेषज्ञ बताते हैं कि एसी वाले वातावरण में लंबे समय तक रहने से त्वचा की ऊपरी सुरक्षात्मक परत, जिसे स्किन बैरियर कहा जाता है, कमजोर हो सकती है। यह परत त्वचा को बाहरी नुकसान और पानी की कमी से बचाने का काम करती है। जब यह कमजोर पड़ती है तो त्वचा में रूखापन, खुजली, जलन और रैशेज जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। कई लोगों की त्वचा अधिक संवेदनशील भी हो जाती है।

त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित रूप से मॉइस्चराइजर का उपयोग बेहद जरूरी माना जाता है। मॉइस्चराइजिंग क्रीम या लोशन त्वचा पर एक सुरक्षा परत बनाते हैं, जिससे नमी लंबे समय तक बनी रहती है और त्वचा मुलायम व हाइड्रेटेड महसूस होती है। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी शरीर और त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखने में मदद करता है।

त्वचा विशेषज्ञ नहाने के लिए बहुत गर्म पानी के बजाय हल्के गुनगुने पानी का उपयोग करने की सलाह देते हैं। इससे त्वचा की सफाई भी अच्छी तरह होती है और उसकी प्राकृतिक नमी भी बरकरार रहती है। यह त्वचा के लिपिड संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे त्वचा स्वस्थ और कोमल बनी रहती है।

त्वचा की अतिरिक्त देखभाल के लिए हाइड्रेटिंग फेस मास्क भी लाभदायक साबित हो सकते हैं। इनमें मौजूद पोषक तत्व और नमी प्रदान करने वाले तत्व त्वचा को ताजगी और चमक देते हैं। नियमित उपयोग से त्वचा की बाहरी परत मजबूत होती है और वह पर्यावरणीय प्रभावों का बेहतर सामना कर पाती है।

बालों पर भी एसी का असर साफ दिखाई देता है। लगातार ठंडी और शुष्क हवा के संपर्क में रहने से बालों की नमी कम हो जाती है, जिससे वे रूखे, बेजान और कमजोर हो सकते हैं। बालों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए मॉइस्चराइजिंग शैंपू और कंडीशनर का उपयोग करना चाहिए। ये उत्पाद बालों में नमी बनाए रखते हैं, उनकी चमक लौटाते हैं और टूटने की समस्या को कम करने में मदद करते हैं।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---