---Advertisement---

जलजमाव से परेशान महिलाओं का फूटा गुस्सा, छावनी परिषद में किया जोरदार प्रदर्शन

रामगढ़। वार्ड नंबर-6 स्थित टीचर्स कॉलोनी में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग पूरी न होने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को छावनी परिषद कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जलजमाव और खराब सड़क व्यवस्था से परेशान महिलाओं ने अधिशासी अधिकारी से सीधे मुलाकात कर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।

स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। हाल ही में जलभराव वाले गड्ढे में एक स्कूली बच्चे के गिरने की घटना के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।

सोमवार को दर्जनों महिलाएं छावनी परिषद कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। कर्मचारियों द्वारा अधिशासी अधिकारी के व्यस्त होने की जानकारी दिए जाने पर महिलाएं और अधिक आक्रोशित हो गईं। उनका कहना था कि कई बार आवेदन और शिकायतें देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगी।

महिलाओं के बढ़ते विरोध को देखते हुए अधिशासी अधिकारी ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। शिकायतों और संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद उन्होंने तत्काल मौके का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि छावनी परिषद के फंड से क्षेत्र में नाली निर्माण कराया जाएगा।

महिलाओं का नेतृत्व कर रही साधना चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष भी सड़क और नाली निर्माण के लिए लिखित आवेदन दिया गया था। उस समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खनिज मद से कार्य कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर सड़क पर मिट्टी डालकर जलजमाव की समस्या कम करने तथा दो माह के भीतर नाली निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिया है।

प्रदर्शन में साधना चौधरी, रानी देवी, ज्योति देवी, निशा देवी, सोनी देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी, देवती देवी, पायल देवी, नूपुर कुमारी, पायल ठाकुर और बबली तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---