रानीखेत। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 4 जून को होने वाले दौरे के मद्देनजर रानीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय कीं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की जनता की समस्याओं और जनभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का अवसर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस दौरे के माध्यम से जनता से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से सामने रखेगी।
बैठक में महिला सुरक्षा, बढ़ते महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर योजना, भर्ती घोटालों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जैसे विषयों पर चर्चा की गई। नेताओं का कहना था कि ये ऐसे मुद्दे हैं जो सीधे आम जनता के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं और इन्हें प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, अगस्त लाल साह, महिला जिला अध्यक्ष गीता पवार, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, दीपक पंत और सतीश नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि राहुल गांधी का प्रस्तावित दौरा प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा का विषय बनेगा और कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान को नई गति प्रदान करेगा।







