---Advertisement---

राज्यपाल गुरमीत सिंह बोले – महिलाओं के नेतृत्व से ही संभव है राष्ट्र की असली प्रगति

देहरादून।  उत्तराखंड के राज्यपाल  गुरमीत सिंह ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित “महिला उद्यमीः उभरते सितारे” सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम  Confederation of Women Entrepreneurs of India द्वारा आयोजित किया गया था।

इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रसिद्ध मुक्केबाज और ओलंपिक पदक विजेता  मैरी कॉम , उद्योग क्षेत्र की अंजू आहूजा, सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र में कार्यरत निधि मित्तल बंसल, जानी-मानी कलाकार एवं शिक्षिका रूबल नागी, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता शशि रतूड़ी तथा अभिनेत्री और फिल्म निर्माता  आरुषि निशंक सहित कई अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तब संभव है, जब महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं केवल परिवार और समाज की आधारशिला ही नहीं हैं, बल्कि आर्थिक विकास और सामाजिक परिवर्तन की सशक्त वाहक भी बन रही हैं।

राज्यपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिलाएं अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर वैश्विक स्तर पर भी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनौतियां ही जीवन को नई दिशा देती हैं और उनसे संघर्ष करते हुए ही व्यक्ति वास्तविक सफलता हासिल करता है। जिन महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया है, वे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उन्हें आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में प्रथम महिला  गुरमीत कौर   दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल,  उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. भानू दुग्गल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Related Post