---Advertisement---

राधा गोविंद विश्वविद्यालय में प्रेमचंद जयंती पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित

विद्यार्थियों ने प्रेमचंद साहित्य की प्रासंगिकता पर रखे सारगर्भित विचार
रामगढ़ : राधा गोविंद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी साहित्य के युगप्रवर्तक लेखक मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था — “प्रेमचंद साहित्य की प्रासंगिकता”, जिसमें विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेमचंद के साहित्य से जोड़ना तथा समकालीन संदर्भों में उनकी रचनाओं की उपयोगिता को समझाना था। प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि प्रेमचंद की रचनाएँ आज भी समाज की सच्चाई को उजागर करती हैं और उनकी लेखनी सामाजिक चेतना को जाग्रत करने में सक्षम है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुंशी प्रेमचंद की की लेखनी आज भी हमारी सोच को दिशा देती है। इस जयंती पर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प ले।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “गोदान”, “निर्मला”, “कफन”, “ईदगाह” जैसी कहानियों और उपन्यासों का उल्लेख करते हुए यह बताया कि प्रेमचंद ने गरीब, शोषित और वंचित वर्ग की आवाज़ को साहित्य में जगह दी। उनका साहित्य आज भी सामाजिक समरसता, स्त्री अधिकार, आर्थिक विषमता और नैतिक मूल्यों की दृष्टि से अत्यंत प्रासंगिक है।

इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मनमीत कौर ने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य केवल कथा नहीं, बल्कि समाज का आईना है। उनकी रचनाओं में वह संवेदना और सच्चाई है, जो हर युग में मार्गदर्शन देती है। साथ ही, डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा और डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ निबंधों का चयन कर प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस प्रतियोगिता में स्वेता को प्रथम, नेहा को द्वितीय और किशोर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।आयोजन को सफल बनाने में हिंदी विभाग की सक्रिय भूमिका रही।
मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो डॉ निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो डॉ अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार,विभाग के अन्य व्याख्यातगण एवं छात्र -छात्राएं उपस्थित रहे

Related Post