भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेकर स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और देश के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, अजय माकन, दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पार्टी के संस्थापकों, स्वतंत्रता सेनानियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और समर्पण को नमन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा देश की जनता के कल्याण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए कार्य किया है। पार्टी का 140 वर्षों का इतिहास सत्य, अहिंसा, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत नींव पर खड़ा है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा और जनआंदोलन है, जिसने देश को आज़ादी दिलाने से लेकर लोकतंत्र की रक्षा तक निरंतर भूमिका निभाई है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी। वहीं, कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस नफरत और विभाजन की राजनीति के खिलाफ मजबूती से खड़ी है।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और मंत्री प्रियांक खरगे ने भी कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनसेवा में निहित है।
गौरतलब है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में हुई थी, जिसने स्वतंत्र भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।








